तीसरे व अंतिम चरण में कटघोरा व पाली में हुआ मतदान

महिला, पुरूष, युवा, दिव्यांग सहित बुजुर्ग मतदाताओं ने स्वस्फूर्त होकर किया मतदान

कोरबा। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तीसरे व अंतिम चरण अंतर्गत रविवार को जिले के कटघोरा व पाली ब्लॉक में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदान के प्रति लोगों में जागरूकता नजर आया। केंद्रों में सुबह से ही लोगों की लंबी कतार देखने को मिली।


तीसरे चरण के मतदान में पाली व कटघोरा ब्लॉक में हुए निर्वाचन में पहली बार मतदान कर रहे युवा मतदाताओं में भारी उत्साह नजर आया। उन्होंने अपने मताधिकार के प्रति सजगता दिखाते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में स्वस्फूर्त आगे आकर मतदान किया।

कटघोरा ब्लॉक के ग्राम विजयपुर के मतदान केंद्र में पहली बार वोट करने आई सुश्री बबीता कंवर व राधिका कंवर के चेहरे में प्रसन्नता व्याप्त थी। उन्होंने उत्साह पूर्वक अपने मताधिकार का उपयोग कर मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाई। विजयपुर के रहने वाले नवदम्पति दिलबोध चौहान व सावित्री ने अपने जीवन का पहला मतदान किया।

ग्राम पंचायत अरदा की रहने वाली सुश्री रश्मि रोज के चेहरे में पहली बार मतदान करने की खुशी साफ नजर आ रही थी। उन्होंने कहा कि देश के प्रगति में हम सभी को आगे बढक़र योगदान करना होगा। लोकतंत्र के इस महापर्व में महिला मतदाताओं ने भी स्वस्फूर्त आगे आकर हिस्सा लिया।

विजयपुर मतदान केंद्र में महिला मतदाता श्रीमती सुमन कंवर, रजनी चौहान, आरती चौहान  सहित अन्य महिलाओं मतदाताओं ने मतदान में आगे आकर हिस्सा लिया एवं लोगों से शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की। युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रही ढेलवाडीह पंचायत के बुजुर्ग महिला रमुलिया बाई ने व्हील चेयर के सहारे मतदान किया।