एसईसीएल कर्मी की कार अनियंत्रित होकर खेत में पलटी, पति-पत्नी की मौत

कोरबा। जिले के लखनपुर के पास एक सडक़ हादसे में एसईसीएल कर्मचारी और उनकी पत्नी की मौत हो गई। घटना मंगलवार रात की है। जहां दोनों पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।


जानकारी के अनुसार घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक कार चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। दीपका प्रगतिनगर बी टाईप 277 एसईसीएल कॉलोनी निवासी मृतक एसएन चतुर्वेदी एसईसीएल दीपका में डंपर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और दो माह में रिटायर होने वाले थे।

एसएन चतुर्वेदी और उनकी पत्नी रामकली चतुर्वेदी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गृह ग्राम मध्यप्रदेश के रीवा गए थे। हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में कटघोरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान रामकली को मृत घोषित कर दिया। एस एन चतुर्वेदी को गंभीर हालत में कोरबा के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उनके तीन बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और उनके बच्चे भी हैं। परिजन दोनों के शव को अंतिम संस्कार के लिए रीवा ले गए हैं।