पाली में सर्वाधिक वोटों से जीती दीप्ति शर्मा

कोरबा-पाली। नगरीय निकाय चुनाव में पाली नगर पंचायत में भाजपा ने अपनी वापसी कर ली है। 15 वार्डों वाले नगर पंचायत में आठ वार्डो में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित हुई है। भाजपा के कुल 15 प्रत्याशियों में से एक प्रत्याशी दीप्ति दीपक शर्मा ने सर्वाधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की है।

वार्ड क्रमांक 8 हेमू कालानी से उन्होंने चुनाव लड़ा और कुल पड़े मत 306 में से 206 वोट दीप्ति को प्राप्त हुए। पाली नगर पंचायत के भाजपा प्रत्याशियों में सबसे अधिक मतों से वे विजयी हुई हैं। विजय उपरांत दीप्ति ने अपने वार्ड क्षेत्र में भ्रमण कर जनता के प्रति आभार जताने रैली की शक्ल में पहुंचकर उनसे पुन: आशीर्वाद लिया।

इस दौरान वार्ड वासियों ने भी दीप्ति शर्मा का परंपरागत रूप से स्वागत किया। पार्षद दीप्ति शर्मा ने भी नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल का आरती उतार कर स्वागत किया। बता दें कि दीप्ति दीपक शर्मा राजपुरोहित पंडित मुरली मनोहर शर्मा व भागवत वाचिका श्रीमती हेमलता शर्मा की पुत्र वधू हैं।