किक बॉक्सिंग में जिले के खिलाडिय़ों ने जीते 6 पदक

कोरबा। चौथी वाको इंडिया ओपन इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन वाको इंडिया किकबाक्सिंग फेडरेशन के तत्वाधान में केडी जाधव इनडोर स्टेडियम नई दिल्ली में किया गया।

उक्त प्रतियोगिता में भारत देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही ग्रेट ब्रिटेन, कजाकिस्तान, उज़्बेकिस्तान, तजाकिस्तान, नेपाल, इस्टोनिया, फिनलैंड, स्विट्जऱलैंड, क्रोटिया, आयरलैंड के 547 खिलाडिय़ों एवं 160 ऑफिसियल ने किकबॉक्सिंग की सभी विधाओं पाइंट फाइटिंग, लाइट कांटेक्ट,किक लाइट, फूल कांटेक्ट, लोकिक, के-वन , म्यूजिकल फाम्र्स एवं क्रिएटिव फाम्र्स के 849 इवेंट्स में हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मुंदड़ा, संस्थापक तारकेश मिश्रा एवं महासचिव आकाश गुरुदीवान ने बताया कि उक्त  प्रतियोगिता राज्य के कैडेट, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के 14 खिलाडिय़ों ने विभिन्न वजन वर्गो में हिस्सा लिया।

जिन्होंने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 8 रजत तथा 8 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते। जिले के सीएमए किकबाक्सिंग एकेडमी कोरबा  के खिलाडिय़ों ने 2 स्वर्ण एवं 4 रजत सहित कुल 6 पदक जीतकर जिले,राज्य एवं देश को गौरवान्वित किया है।

जिले के खिलाडिय़ों में प्रभात साहू स्वर्ण पदक, सिद्धी सोनवानी स्वर्ण एवं रजत पदक, लोकिता चौहान रजत पदक, श्रेया शुक्ला रजत पदक, तबस्सुम सैयद रजत पदक शामिल हैं।