भाजपा महापौर प्रत्याशी ने जनता के बीच जारी किया घोषणा पत्र

बदलबो-बदलबो ए दारी कांग्रेस के महापौर ला बदल दो : संजू देवी

कोरबा। भाजपा महापौर प्रत्याशी श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने 25 बिंदुओं वाला घोषणा पत्र जनता के बीच जारी किया है। प्रत्याशी श्रीमती राजपूत ने बदलबो बदलबो ए दारी कांग्रेस के महापौर ला बदलबो का नारा दिया।

इस घोषणा पत्र में ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग, कॉलेज के छात्र-छात्राओं को सिटी बस में नि:शुल्क आवागमन, बेहतर खेल मैदान की व्यवस्था, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना का क्रियान्वयन, ओवर ब्रिज और फ्लाईओवर का निर्माण समेत कई बड़ी घोषणाएं की गई है।

श्रीमती राजपूत ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है, कोरबा के नगर विधायक और कैबिनेट मंत्री से लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में सारे घोषणा पत्र के वादों को पूरा किया जाएगा।

घोषणा पत्र के वादों में प्रमुख रूप से प्रत्येक वार्ड में सीसी सडक़, नाली, सिवरेज का निर्माण एवं मरम्मत, सामुदायिक भवन, मंगल भवन, सांस्कृतिक मंच का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, हाट बाजारों को मॉडल हाट बनाने, सुरक्षा की दृष्टिकोण से चौक-चौराहों में सीसीटीवी कैमरा एवं हाईमास्क लाईट लगाने, ठेला-गुमटी वालों के लिए स्थाई जगह की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था, छट्टी, वैवाहिक एवं दशगात्र कार्यक्रम में नि:शुल्क पानी टेंकर की व्यवस्था, किसी भी परिवार में निधन होने पर अंतिम संस्कार हेतु नि:शुल्क लकड़ी की व्यवस्था करना शामिल हैं।