न्याय नहीं मिलने पर फ्लोरामैक्स पीड़ितों ने किया चुनाव बहिष्कार का ऐलान

कोरबा। फ्लोरामैक्स से ठगी की शिकार हुई पीड़ितों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया है उन्होंने कहा है कि उन्हें न्याय नहीं मिलने पर वे वोट नहीं देंगी। महिलाओ ने यह भी कहा मंत्री का बयान बार-बार मन को कुरेद रहा है। पीड़ितों इस मामले में प्रशासन से मांग की है कि इस पर जल्द से जल्द ठोस कदम उठाया जाए और न्याय दिलाया जाए।

बता दें कि फ़्लोरा मैक्स कंपनी से ठगी का शिकार हुई महिलाओं का संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एक बार फिर आचार संहिता के निर्देशों का पालन करते हुए पीडि़त महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और अपनी मांगों को रखते हुए शीघ्र समाधान की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो वे नगरीय निकाय चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लेंगी। महिलाओं ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि प्रशासन इस मामले में तत्काल ठोस कदम उठाए और उनकी समस्याओं का समाधान करे।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोरबा नगर पालिका निगम क्षेत्र की करीब 10 से 12 हजार पीडि़त महिलाएं नगरीय निकाय चुनाव का बहिष्कार करेंगी।