विकास की बयार बहाने के लिए कांग्रेस का समर्थन करें : उषा तिवारी

कोरबा। नगर निगम कोरबा से कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी उषा तिवारी ने अपने चुनावी जनसंपर्क के अंतर्गत मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने पूर्व मेयर रेणु अग्रवाल और राजकिशोर प्रसाद के साथ वार्ड क्रमांक 11 और आसपास के क्षेत्रों में उपस्थिति दर्ज कराई। लोगों से आह्वान किया गया कि निगम क्षेत्र को समस्याओं से मुक्त रखने के लिए कांग्रेस को निकाय चुनाव में जीत दिलाए।


उषा तिवारी ने मतदाताओं से भेंट करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झुग्गी बस्तियों सहित सर्वहारा वर्ग के हितों का ध्यान रखा है। कांग्रेस के कार्यकाल में कोरबा का काफी विकास हुआ इसलिए इस बार भी उनके पक्ष में मतदान लोगों को करना चाहिए। पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल ने नगर हित की बात करते हुए उषा तिवारी के पक्ष में वोट की अपील की।

निवर्तमान मेयर राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कोरबा को बहुत कुछ मिला। इस धारा को आगे बरकरार रखना है। कांग्रेस से प्रत्याशी घोषित होने के बाद से उषा तिवारी के द्वारा निगम के बड़े हिस्से में प्रचार-प्रसार करने के साथ लोगों तक कांग्रेस के संकल्प को पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के अनेक नेता भी इस अभियान को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं।