घंटाघर मैदान में मुख्यमंत्री की आम सभा आज, करेंगे रोड शो

कोरबा। नगर पालिक निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने ताकत झोंक दी है। मतदान के लिए एक सप्ताह का समय बाकी रह गया है। कोरबा में प्रत्याशियों के पक्ष में वातावरण बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को रोड शो करने के साथ एक आमसभा को संबोधित करेंगे।


निकाय चुनाव के सिलसिले में 5 फरवरी को  घंटाघर स्थित  डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर मैदान में आयोजित आमसभा को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय संबोधित करेंगे।

भाजपा की महापौर प्रत्याशी श्रीमती संजू देवी राजपूत और सभी 67 पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा में सभी 67 वार्ड से कार्यकर्ता और आम जन शामिल होंगे।  इसके साथ ही मुख्यमंत्री के द्वारा शहरी क्षेत्र में इसी दिन रोड शो किया जाएगा। वे निर्धारित क्षेत्र में भ्रमण करते हुए नागरिकों से भाजपा प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगेंगे।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया।  वहीं मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ओपन थिएटर क्षेत्र में की गई तैयारियों की रिहर्सल पुलिस ने की। विभाग के अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने मंगलवार की शाम ओपन थिएटर मैदान से घंटाघर होते हुए हेलीपेड तक रिहर्सल की और परखा कि कल के कार्यक्रम में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। मुख्यमंत्री की सभा और कार्यक्रम को लेकर भाजपा खेमा काफी उत्साहित है।