बंधन बैंक के रिकवरी एजेंट से लूट, 3 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा-कटघोरा। कटघोरा में बंधन बैंक के रिकवरी एजेंट से हुई सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का माल बरामद कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


28 जनवरी को बैंक रिकवरी एजेंट संजय कुमार यादव जब फील्ड में कलेक्शन कर रहे थे, तभी आरोपियों ने 15 दिनों की रेकी के बाद उन्हें आछी दादर नानबांका के कच्ची सडक़ व निर्माणाधीन रेलवे लाइन के पास घेर लिया। चाकू की नोक पर उन्हें धमकाकर 42,290 रुपए नगद, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल व टेबलेट लूट लिया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कटघोरा ने तत्काल पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को अवगत कराया। उनके निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर तथा एसडीओपी पंकज ठाकुर के मार्गदर्शन में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर टीम के साथ घेराबंदी की।पुलिस की गहन जांच में घटना में कुल 5 आरोपियों के शामिल होने की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने 42,290 रुपए नगद, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल व टेबलेट बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजपाल चौहान पिता पीताम्बर चौहान 21 वर्ष, निवासी जमनीमुड़ा पाली,  आशीष चौहान पिता स्व. रघुवर सिंह 21 वर्ष, पखनापारा, लिटियाखार, सूरज चौहान पिता विश्राम सिंह 30 वर्ष, पखनापारा, लिटियाखार दीपका शामिल हैं।