स्ट्रीट लाईटें अनिवार्य रूप से जलें, सडक़ों पर न रहें अंधेरा : आयुक्त 

कोरबा। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि नगर निगम केरबा क्षेत्रांतर्गत निगम द्वारा सडक़ रोशनी व्यवस्था अंतर्गत स्थापित की गई सभी स्ट्रीट लाईटें अनिवार्य रूप से जले, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी कारणवश स्ट्रीट लाईटें बंद होती है तो इन तकनीकी कारणों का तत्काल निराकरण कराएं, ताकि सडक़ों पर अंधेरा न रहें। सार्वजनिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के क्षेत्रों में यदि स्ट्रीट लाईटें बंद होने की जानकारी मिलती है तो उन्हें भी इस संबंध में पत्र लिखें।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम के अधिकारियों के साथ रात्रिकालीन भ्रमण कर शहर की सडक़ रोशनी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तानसेन चौक, शास्त्री चौक, सुभाष चौक, निहारिका, घंटाघर तथा इसके अंदरूनी क्षेत्रों, बुधवारी, सीएसईबी चौक, टीपी नगर, पावर हाउस रोड, कोरबा पुराना शहर होते हुए सीतामणी गौमाता चौक तक एवं साथ-साथ विभिन्न अंदरूनी व आवासीय क्षेत्रों का भ्रमण कर सडक़ रोशनी व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि संबंधित अभियंता नियमित रूप से रात्रिकालीन भ्रमण कर स्ट्रीट लाईटों की स्थिति को देखें तथा जहॉं कहीं भी स्ट्रीट लाईटें बंद दिखे उन्हें जलाने के लिए तत्काल आवश्यक कार्यवाही करें।

आयुक्त ने निगम द्वारा कराए जा रहे रात्रिकालीन सफाई कार्यो का भी निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए।