प्रभारी मंत्री ने भूस्वामियों को वितरित किए स्वामित्व प्रमाणपत्र

स्वामित्व योजना से जमीन संबंधित विवादों का अंत होगा : अरूण साव

कोरबा। स्वामित्व योजना के तहत शनिवार को जिले के किसानों और ग्रामीणों को स्वामित्व (प्रॉपर्टी) कार्ड का वितरण प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने किया।


इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वामित्व योजना अन्तर्गत कार्यक्रम को भी सभी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लाइव सुना। प्रधानमंत्री ने स्वामित्व योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए इसे हितग्राहियों के लिए आर्थिक सुरक्षा की गारंटी बताया। उन्होंने कहा कि गाँव में आबादी भूमि में बिना कानूनी दस्तावेज के रहने वाले ग्रामीणों को उनके जमीन का मालिकाना हक प्रदान करने के लिए स्वामित्व योजना प्रारंभ की गई है। इससे बैंक में ऋण भी मिल सकता है। कानूनी अधिकार होने से विवाद की गुंजाइश खत्म हो जाएगी। इस सम्पत्ति से जीवन बदल सकता है।

स्वामित्व योजना से कोरबा जिले के 137 गांव के 9 हजार से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे विधिवत लोन ले पाएंगे और हितग्राहियों के लिए यह उपयोगी साबित होगी।

कार्यक्रम को विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कँवर ने भी संबोधित किया।

कलेक्टर अजीत वसंत ने स्वामित्व योजना से भूमि अधिग्रहण, भू अर्जन में भी लाभ मिलने और भूमि संबंधी विवाद दूर होने की बात कही।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, डीएफओ कोरबा व कटघोरा अरविंद पीएम, कुमार निशांत, निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरूण साव सहित अन्य अतिथियों द्वारा स्वामित्व योजना के 125 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किया गया। जिले के कुल 107 ग्राम पंचायत के 137 गांवों के लगभग 8854 हितग्राही स्वामित्व योजना से लाभांवित होंगे।