मड़वा ने जीता अंतरक्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब

कोरबा। कोरबा पूर्व में आयोजित विद्युत कंपनी अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता वर्ष 2024-2025 के रोमांचक फाइनल मैच में मड़वा की टीम ने रायपुर सेंट्रल की टीम को 3 विकेट से हराकर,खिताब अपने नाम किया।

टॉस जीतकर रायपुर सेंट्रल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर कुल 127 रन बनाए जिसके जवाब में मड़वा की टीम ने इस लक्ष्य को 19.4 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह मैच काफी रोमांचक रहा और अंतिम ओवर तक पहुंच गया। इस फाइनल मैच के मैंन ऑफ द मैच सी एस पटेल रहे जिन्होंने शानदार 48 रन बनाए और 3 ओवरों में 11 रन देकर 2 विकेट लिए।

इस प्रकार मड़वा की टीम ने पहली बार अंतरक्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के लिए मड़वा की टीम के कप्तान दिनेश मेश्राम ने अपने खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और सफल आयोजन हेतु आयोजन समिति को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस मैच के अंपायर की भूमिका सज्जी टी जान, रविन्द्र ध्रुव ने निभाई। टेबल स्कोरर में उदय राठौर, ऑनलाइन स्कोरिंग में सुशांत कटकवार कमेंट्री में पवन दास, संतोष सिंह, ए एस तोमर, सागर देवांगन ने महती भूमिका निभाई। मैच के पश्चात  पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम किया गया।