मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, बच्चों ने उड़ाई पतंग

मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

कोरबा। उत्तरायण सूर्य की अराधना कर श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति का महापर्व मनाया। भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की गई। पवित्र स्नान कर घर व मंदिरों में तिल गुड़ के पकवानों के भोग लगाए गए। श्रद्धालु महिलाओं ने मंगलथाल लेकर भगवान श्री अय्यप्पा शोभायात्रा का स्वागत किया गया।


मकर संक्रांति पर्व पर श्रद्धालुओं ने हसदेव नदी के सर्वमंगला तट, इमलीडुग्गू, पुरानी बस्ती सहित अन्य स्थानों पर स्नान कर आस्था की डुबकी लगाई। भगवान सूर्य की विशेष आराधना की गई।

श्री अय्यपा (शनिश्वर) मंदिर में विशेष पूजा-अनुष्ठान किया गया। परंपरागत रुप से दो माह की पवित्र मंडल पूजा महोत्सव का समापन हुआ। अलसुबह प्रभात फेरी निकाली गई। इसी के साथ विधि-विधान से विशेष पूजा अनुष्ठान की शुरूआत हुई। दोपहर में भोग-भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भगवान श्री अय्यप्पा की रथ को रंग-बिरंगी लाइट और फूलों से सुसज्जित किया गया। शाम लगभग चार बजे केरल के वाद्ययंत्रों की धुन पर श्रीराम जानकी मंदिर सीतामणी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

मकर संक्रांति पर्व पर मंदिर रंग-बिरंगी झालर लाइट और सैंकड़ों दीपों से जगमगा उठे। यह श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। मकर संक्रांति पर्व पर सर्वमंगला मंदिर, एसईसीएल रोड स्थित श्री अय्यप्पा मंदिर, भगवान शिव मंदिर, कपिलेश्वर मंदिर, भवानी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से भक्तों की कतार लगी रही।

इस दौरान मकर संक्रांति पर जगह-जगह भोग भंडारे का आयोजन किया गया। तिल और गुड़, खिचड़ी का वितरण किया गया। सर्वमंगला मंदिर परिसर, इतवारी बाजार, पावर हाउस रोड, टीपी नगर, कोसाबाड़ी सहित स्थानों में प्रसाद वितरण किया गया।