कोरबा। प्रदेश में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। भाजपा, कांग्रेस, अन्य क्षेत्रीय दलों, और निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। चुनावी मैदान में बढ़त हासिल करने के लिए दोनों प्रमुख दलों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है।
कांग्रेस ने प्रदेशभर के नगरीय निकायों के लिए अपने ऑब्जर्वर्स (पर्यवेक्षकों) की नियुक्ति कर दी है। इन नियुक्तियों का मकसद जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन करना, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना और प्रत्याशियों का चयन सुनिश्चित करना है।
जिले के सबसे बड़े नगरपालिका परिषद कटघोरा के लिए कांग्रेस ने पाली-तानाखार के पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनकी अगुवाई में एक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया गया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई, और अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों से मुलाकात की गई।
सम्मेलन के बाद मोहितराम केरकेट्टा ने बताया कि कांग्रेस की तैयारियां पूरी तरह मजबूत हैं। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य कटघोरा नगरपालिका में कांग्रेस का झंडा बुलंद रखना है।
इस बार अध्यक्ष पद के साथ अधिक से अधिक पार्षद सीटें जीतना हमारी प्राथमिकता है।
सम्मेलन में कांग्रेस के प्रशांत मिश्रा प्रदेश महासचिव जिला प्रमुख (ग्रामीण) सुरेन्द्र जायसवाल, हरीश परसाई, पूर्व विधायक कटघोरा पुरुषोत्तम कंवर ,ब्लॉक शहर अध्यक्ष राजीव लखनपाल के अन्य नेता और क्षेत्रीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चर्चा के दौरान अध्यक्ष पद के लिए पांच नाम सामने आए।
मोहितराम केरकेट्टा ने बताया कि सभी दावेदारों के आवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) को भेजे जाएंगे। सबसे मजबूत और जीतने योग्य उम्मीदवार का चयन कर पार्टी का समर्थन दिया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677