कोरबा। अमृता ज्वेलर्स के संचालक गोपाल राय सोनी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज गति से जारी है। आईजी बिलासपुर रेंज, कोरबा एसपी की सीधी देखरेख में करीब दो दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारी व कर्मियों की टीम अलग-अलग बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है। पुलिस सफलता की ओर अग्रसर है, जिसका खुलासा रविवार को किये जाने के संकेत मिले हैं।
खबरों की मानें तो इस मामले में एक संदेही युवक को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य संदेही की तलाश जारी है। हत्या के बाद से गोपाल सोनी का कथित कार ड्राइवर भी लापता है, जिससे शक और गहरा हो गया है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है। हिरासत में लिए गए युवक ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
हत्या के बाद अपराधियों द्वारा ले जाई गई क्रेटा कार मंगलवार को रिसदा इलाके में एक घर के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और जानकारी जुटाई। इस दिशा में जांच जारी है।
पुलिस बड़े ही धैर्य व संयम के साथ इस दुस्साहसिक हत्याकांड को तत्परता से सुलझाने में जुटी है। यह भूसे के ढेर से सुई खोजने जैसा मामला है जिसमें सराफा कारोबारी व मृतक के परिजन भी संयम रखकर पुलिस को सहयोग कर रहे हैं। पूरे अधिकृत खुलासे से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
मामले का खुलासा रविवार को किये जाने की संभावना है।
खबरों के मुताबिक गोपाल राय की हत्या के मामले में परिवार के निकट रहे कर्मियों की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा रहा है, पुलिस ने कड़ी दर कड़ी पिरोकर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में कई तकनीकियों का सहारा लिया है।
घटना के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से टीम बनाकर एसपी सिद्धार्थ तिवारी व एडिशनल एसपी यूबीएस चौहान, सीएसपी भूषण एक्का, टीआई मोती पटेल, एसआई जितेन्द्र यादव सहित पुलिस की दो दर्जन से भी अधिक टीम ने पतासाजी में दिन रात एक कर रखा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
