अनियमितता पर हटाए गए प्रभारी समिति प्रबंधक
कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को विकासखंड करतला के धान खरीदी केन्द्र चिकनीपाली का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने उर्पाजन केन्द्र में पंजीकृत किसानों की संख्या, जारी टोकन अब तक हुए धान खरीदी, राशि भुगतान एवं केंद्र में उपलब्ध बारदानों के सम्बंध में जानकारी ली।
इस दौरान केन्द्र में कई प्रकार की अनियमितता एवं अव्यवस्थाएं पाई गई। जिसके अन्तर्गत समिति में बिना ढेरी किये धान का बोरी से बोरी पलटीकर क्रय किया जा रहा था। स्टेंकिंग सही तरीके नहीं पाई गई।
इस प्रकार प्रभारी प्रबंधक/फड़ प्रभारी के द्वारा धान क्रय नियमों का पालन नहीं किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी समिति प्रबंधक अनुपस्थित पाये गये तथा बार-बार काल किये जाने उपरांत भी कोई उत्तर नहीं दिया गया जो कि उनके कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही का द्योतक है। कलेक्टर के निर्देश पर उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं कोरबा द्वारा आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित चिकनीपाली के प्रभारी प्रबंधक रंजीत सिंह कंवर को आगामी आदेश तक धान खरीदी कार्य से पृथक किया गया है।
कलेक्टर ने केंद्र में धान भंडारण, स्टैकिंग व्यवस्था का भी अवलोकन करते हुए नए-पुराने बारदाना की उपलब्धता, धान की नमी परीक्षण सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने धान विक्रय के लिए आए किसानों से केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर एसडीएम सरोज महिलांगे, तहसीलदार राहुल पाण्डेय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















