एसईसीएल संचालन समिति की बैठक में हुआ विचार-विमर्श

कामगारों के उपहार, अमृत फार्मेसी व्यवस्था सुधार पर हुई चर्चा 

कोरबा। एसईसीएल संचालन समिति की बैठक में कामगारों के उपहार, अमृत फार्मेसी व्यवस्था सुधार सहित माइनिंग सरदार रिजल्ट जारी करने के अलावा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। एसईसीएल के मुनाफे के आधार पर कामगारों को उपहार प्रदान किया जाएगा। इस योजना को सीएमडी डॉ. प्रेम सागर मिश्रा द्वारा रिटायरमेंट से पहले स्वीकृति प्रदान की जा सकती है।


एसईसीएल मुख्यालय में संचालन समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में कंपनी को होने वाले लाभ के आधार पर कामगारों को उपहार देने को लेकर चर्चा की गई। चर्चा के बाद इस पर प्रबंधन और यूनियन के बीच सहमति बनी। इसके अलावा बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

जिसमें 26 जनवरी के पूर्व 10239 कर्मचारियों का पदोन्नत किया जाएगा। अमृत फार्मेसी की दवाइयों की गुणवत्ता को ठीक किया जाएगा। ओवरसियर के लिये विभागीय परीक्षा 26 जनवरी के पूर्व ली जाएगी। माइनिंग सरदार का रिजल्ट 26 जनवरी के पूर्व ही जारी कर दिया जाएगा। क्लर्क के लिए विभागीय परीक्षा 31 मार्च के पूर्व होगी। फर्स्ट क्लास की परीक्षा के लिए माइनिंग परसन को ट्रेनिंग का फर्स्ट एड सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। सेवानिवृत्त पश्चात इससे संबंधित कार्य से आने वालों के ठहरने के लिए स्थान सुनिश्चित किया जाएगा। इंदिरा विहार में नई सोनोग्राफी मशीन व सीटी स्कैन मशीन लगाई जाएगी।


पेंशन, एरियर्स रिवाइस पर शीघ्र निर्णय
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रिवाइज एरियर्स व रिवाइज पेंशन के लिए शीघ्र कार्यवाही करने पर चर्चा की गई। आश्रित के रोजगार के लिए सरकारी स्कूल के किसी भी कक्षा के प्रमाण पत्र को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अभिप्रमाणित को मान्यता दी जाएगी।

बैठक में सीएमडी डा. प्रेम सागर मिश्रा, निदेशक तकनीकी (संचालन) एसएन कापरी, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) एन फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (कार्मिक) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी सुनील कुमार सहित संचालन समिति के सदस्य उपस्थित थे।