कटघोरा वनमंडल के पसान व केंदई रेंज में कर रही विचरण

बाघिन ने 2 मवेशियों को किया घायल, क्षेत्र में दहशत

कोरबा-कोरबी-चोटिया। जिले के कटघोरा वन मंडल में पिछले एक सप्ताह से बाघ की दहशत बनी हुई है। प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण शाम ढलने के बाद घरों से नहीं निकल रहे हैं।


वन कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि बाघ नहीं बाघिन का लगातार पसान एवं केंदई रेंज में विचरण हो रहा है। वह भोजन की तलाश में मवेशियों को नुकसान पहुंचा रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। विभागीय सूत्रों के अनुसार बाघिन के अचानकमार के जंगल से भटक कर कटघोरा वन मंडल में प्रवेश करते ही वन विभाग ड्रोन कैमरे से ट्रैकिंग कर रहा है। बताया जा रहा है कि 25 दिसंबर की बीते रात्रि में ग्राम सरमा में निवासरत बृजलाल के एक बैल एवं रामनारायण कोयल के एक गाय को बाघिन ने घायल कर दिया। उसके पसान रेंज के सिंदुरगढ़ पहाड़ की ओर जाने खबर मिली है। इधर पिछले कई दशक से हाथियों के आतंक ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। ऐतमा नगर रेंज के ग्राम सलिहाभांठा अंतर्गत पटोरवापारा निवासी छतर पाल पिता अमर सिंह मरपच्ची के घर को तबाह कर दिया, वहीं घर पर रखे 10 कट्टी धान को भी तितर-बितर कर दिया।

बीती रात से ही एक नर हाथी क्षेत्र में विचरण कर रहा है। घटना के समय बच्चों के साथ परिजन घर पर ही मौजूद थे, संयोगवश कोई जनहानि नहीं हुई। वन विभाग भी हाथियों की निगरानी करने के अलावा खदेड़ पाने में असफल साबित हो रहा है। छत्रपाल सिंह ने बताया कि उसने विष्णुभोग धान की पैदावार की थी और मिसाई कर अपने घर में रखा हुआ था। भोजन कर रात में सभी सो रहे थे तभी घर को तोडऩे की आवाज सुनाई दी। भयभीत होकर सभी नींद से उठ गए और कुछ दूर चले गए। इस वक्त हाथी ने घर के अंदर रखे जरूरत की सामग्री एवं 10 कट्टी धान को बर्बाद कर दिया। किसी तरह परिजनों ने घर से निकलकर अपनी जान बचाई।