68वीं राष्ट्रीय शालेय नेटबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता का श्रम मंत्री ने किया शुभारंभ

खेल आयोजन से एकता की भावना होती है विकसित : लखनलाल

कोरबा। 68वीं राष्ट्रीय शालेय नेटबॉल बालक-बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024-25 का बुधवार को प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व आकर्षक मार्चपास्ट के साथ शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने 5 दिवसीय आयोजन का शुभारंभ किया।


कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह व्यक्ति के शारिरिक और मानसिक विकास में सहायक होता है। साथ ही सफलता की राह में आगे बढ़ते हुए एक मुकाम हासिल की जा सकती है। मंत्री ने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के साथ खेलकूद में शामिल होकर और अच्छे खेल का प्रदर्शन कर अपना नाम रोशन किया जा सकता है।

मंत्री श्री देवांगन ने खिलाडिय़ों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिले में राष्ट्रीय स्तर क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन होना बड़े ही गौरव की बात है। आज सुशासन दिवस के अवसर पर यहां अलग अलग राज्यों के 1400 से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ी खेल में हिस्सा लेने आए है।

अपर कलेक्टर मनोज बंजारे ने कहा कि छात्र जीवन में खेल और पढ़ाई का विशेष महत्व होता है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को जीत-हार की भावना से परे होकर अच्छे खेल प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। स्वागत भाषण जिला शिक्षा अधिकारी टी पी उपाध्याय ने दिया।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्याम सुंदर सोनी, नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, डॉ. राजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, खेल प्रशिक्षक उपस्थित थे।