आश्वासनों पर सिमटा : रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक

कोरबा। मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक में हसदेव एक्सप्रेस को दुर्ग तक विस्तार, दो अतिरिक्त कोच तथा कोरबा-रायगढ़ के मध्य मेमू ट्रेन चलाने पर मंडल रेल प्रबंधक ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की। साथ ही पिटलाइन का काम मार्च 2025 तक तथा मार्च 2026 तक चौथी लाइन का काम होने पर बिलासपुर से चलने वाली अन्य ट्रेनों का विस्तार कोरबा तक करने का आश्वासन दिया।


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर (एसईसीआर) की मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अनुराग कुमार सिंह द्वारा मंडल की उपलव्धियों एवं आगामी कार्य-योजनाओं, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों मे कराई जानी वाली विकास कार्यो आदि की जानकारी दी गई।

कोरबा से उपस्थित सदस्य अखिल अग्रवाल ने बताया कि बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। रेल प्रबंधन ने स्टेशन के मेन गेट को बिना पूर्व सूचना दिए बंद कर दिया गया और जिस स्थान से प्रवेश द्वार बनाया, वहां काम पूरा नहीं किया है। इस पर डीआरएम ने व्यवस्था दुरूस्त करने अधिकारियों से कहा। इसी तरह प्रेजेंटेशन के दौरान बिलासपुर में हावड़ा-मुंबई सभी ट्रेन का स्टापेज बताने कहा गया कि कोरबा, चिरमिरी, पेंड्रा से ब्रांच लाइन से भी कनेक्टिविटी दिया जाए, ताकि यात्रियों का इसका लाभ मिल सके।

अग्रवाल ने बताया कि बिलासपुर से चलने वाली रीवां, भोपाल, इंदौर एक्सप्रेस समेत कुछ अन्य ट्रेन का विस्तार करने कहा गया, तब डीआरएम ने कहा कि चौथी लाइन का काम चल रहा है, जो मार्च 2026 तक पूरा होगा। इसके बाद इन ट्रेनों का विस्तार कोरबा तक किया जा सकता है।

अग्रवाल ने बताया कि रायगढ़ तक मेमू लोकल दो फेरा चलाने डीआरएम ने आश्वस्त किया है। पिटलाइन शुरू होने पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी कोरबा से चलने लगेगी।

बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक एमके सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. प्रकाश चंद्र त्रिपाठी एवं अन्य शाखा अधिकारियों समेत मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के अखिल अग्रवाल समेत 13 सदस्य शामिल हुए। हर बार की तरह इस बार भी बैठक आश्वासनों तक सिमट कर रहा गया है।


फरवरी 2025 तक पूरा होगा स्टेशन का नवीनीकरण
चर्चा के दौरान अखिल अग्रवाल द्वारा स्टेशन में किए जा रहे नवीनीकरण कार्य के संबंध में जानकारी ली और पूर्ण होने की अवधि बताने कहा। इस पर डीआरएम ने कहा कि 28 फरवरी 2025 तक काम पूर्ण कर लिए जाने की उम्मीद है। काम की गति धीमी होने की बात पर डीआरएम ने अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि काम पर नियमित रुप से मानीटरिंग करें, ताकि समय सीमा पर पूर्ण हो सके।


तीसरी व चौथी लाइन के बाद कनेक्टिंग ट्रेन होंगे शुरू : डीआरएम


डीआरएम ने मंडल में चल रहे अधोसंरचना विकास के अंतर्गत तीसरी लाइन, चौथी लाइन के कार्यों से अवगत कराया। साथ ही मंडल की प्राथमिकताओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि अनूपपुर-कटनी तीसरी लाइन का नान इंटरलॉकिंग कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इसी प्रकार बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी लाइन का नान इंटरलाकिंग कार्य भी लगभग पूरे होने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कोरबा समेत 16 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सर्व सुविधायुक्त बनाने का कार्य चल रहा है।