नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित

कोरबा । हिन्दी एक सहज और सरल भाषा है। पूरे भारतवर्ष को एक सूत्र में पिरोने का काम हिन्दी करती है। अपनी भाषा में कार्यालय का काम-काज करना गर्व की बात है । देश की राजभाषा में काम करने का सीधा फायदा आम जनमानस को मिलता है। उक्त उद्गार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति , कोरबा की बैठक में समिति अध्यक्ष राजीव खन्ना, मुख्य महाप्रबंधक, एनटीपीसी ने व्यक्त किए।


नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति कोरबा की वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए दूसरी बैठक विकास भवन, एनटीपीसी के सम्मेलन कक्ष में सम्पन्न हुई। इस बैठक में कोरबा स्थित केंद्र सरकार के नियंत्रणाधीन विभिन्न कार्यालयों के कार्यालय प्रमुखों और राजभाषा अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान राजभाषा नियमों और नीतियों का अनुपालन, कार्यान्वयन, तिमाही एवं छमाही रिपोर्ट का अग्रेषण तथा अन्य विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के साथ-साथ दो कार्यालयों पंजाब नेशनल बैंक और केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 के राजभाषा प्रगति की समीक्षा भी की गई।

बैठक की कार्यवाही का संचालन नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य-सचिव पवन कुमार मिश्र, प्रबन्धक (राजभाषा) एनटीपीसी, कोरबा ने किया।