कोरबा के ऋषभ सोनी सहित 10 की 21.47 करोड़ की संपत्ति कुर्क

कोरबा। डीएमएफ घोटाला में ईडी ने निलंबित आईएएस अधिकारी सहित 9 अन्य लोगों की 21 करोड़ 47 लाख की संपत्ति कुर्क कर दी है जिसमें कोरबा के ऋषभ सोनी भी शामिल है। इसमें जमीन, आवासीय संपत्तियां, सावधि जमा और बैंक बैलेंस सहित अन्य संपत्तियां शामिल है।


ईडी की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि ये संपत्तियां आईएएस रानू साहू और 9 अन्य आरोपियों माया वारियर, राधेश्याम मिर्झा, भुवनेश्वर सिंह राज, वीरेंद्र कुमार राठौर, भरोसा राम ठाकुर, संजय शेंडे, मनोज कुमार द्विवेदी, ऋषभ सोनी और राकेश कुमार शुक्ला की हैं, जो डीएमएफ घोटाला मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत जांच की जा रही हैं।

ईडी ने भारतीय दंड संहिता, 1860 की विभिन्न धाराओं के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा दर्ज तीन अलग-अलग प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राज्य सरकार के अधिकारियों ने ठेकेदारों के साथ मिलीभगत करके डीएमएफ की हेराफेरी की साजिश रची। ईडी ने जिन 9 लोगों की संपत्ति कुर्क की है उसमें कोरबा राधिका बुक डिपो के संचालक व विजडम कोचिंग के डायरेक्टर रहे ऋषभ सोनी भी शामिल है, जो कोरबा में व्यवसायिक प्रयोजन के लिए रायपुर चले गए।

बताया जा रहा है कि डीएमएफ के बंदरबांट में कोरबा व रायपुर के संपर्क सूत्रों के बल पर ऋषभ सोनी बड़े सप्लायर के रूप में कार्य करते रहे। जांच के दौरान, ईडी ने ठेकेदारों, लोक सेवकों और उनके सहयोगियों के विभिन्न परिसरों में कई तलाशी ली थी और इसके परिणामस्वरूप 2.32 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी और आभूषण जब्त किए गए थे और जांच से पता चला कि जब्त की गई रकम डीएमएफ कार्यों के निष्पादन के दौरान इन लोक सेवकों द्वारा प्राप्त रिश्वत राशि का हिस्सा थी।

इस मामले में अब तक कुल अपराध आय (पीओसी) 90.35 करोड़ रुपये है, जिसमें 9 दिसंबर तक 23.79 करोड़ रुपये की अचल और चल संपत्तियां अनंतिम रूप से कुर्क, जब्त व फ्रीज की गई है।