कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की बैठक हुई आयोजित

सुनालिया नहर अंडरब्रिज प्रभावितों को 1 सप्ताह के भीतर मुआवजा करें वितरित

कोरबा।  कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे त्वरित और पारदर्शी तरीके से लंबित मामलों का समाधान करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब न हो, साथ ही लंबित प्रकरणों का तत्काल समीक्षा कर समाधान किया जाए।


राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने  सभी एसडीएम और तहसीलदार को धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को धान विक्रय में कोई असुविधा न हो और केंद्रों में कोचिए बिचौलियों के अवैध धान आवक पर भी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर धान की फसल लेने वालों की विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए धान की जब्ती  करने का निर्देश दिया।

बैठक में कलेक्टर ने भू अर्जन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए हरदीबाजार, इमलीछापर, पाली सिल्ली  में भू अर्जन के प्रकरण में शीघ्रता से अवार्ड पारित करने के निर्देश दिए। साथ ही कोरबा नगर के सुनालिया नहर अंडरब्रिज निर्माण में भू व्यवस्थापन के प्रभावितों को 1 सप्ताह के भीतर मुआवजा वितरित करने हेतु एसडीएम को निर्देशित किया।

बैठक में अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, सभी एसडीएम, प्रभारी अधिकारी भू अभिलेख, अधीक्षक भू अभिलेख, सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित थे।