सडक़ हादसों में 2 की मौत, 6 गंभीर, 21 घायल

कोरबा। जिले में हादसों का दौर जारी है। पिछली रात दो बड़े सडक़ हादसे घटित हुए। इन हादसों में जहां एक युवक और एक किशोरी की मौत हो गई है वहीं 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 21 अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हुए हैं जिनका उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे क्रमांक 130 कटघोरा-अम्बिकापुर मार्ग में तानाखार के निकट दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ है। सडक़ हादसे में अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई और दो लोगों की हालत बेहद गंभीर है।

सूचना पर कटघोरा पुलिस व डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई थी व दोनों गंभीर घायलों को नजदीकी कटघोरा अस्पताल पहुंचाया गया।


दूसरी घटना में पिकनिक मनाकर लौट रहे लोगों से भरी पिकअप दर्घटना का शिकार हो गई। पिकअप घाट के पास पलटी। बताया गया कि बनखेता ग्राम पंचायत के काँसामार से पिकनिक मनाने के लिए ये सभी लोग बुका गए हुए थे।

जटगा पुलिस चौकी के ग्राम घुमानीडाँड़ के हड़मोड़ मार्ग में हुए हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई वहीं एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं जिनमें से 4 की हालत गंभीर है। इन्हें एम्बुलेंस से कटघोरा अस्पताल पहुंचाया गया।