राखड़ की समस्या को दूर करने की दिशा में उठाएं कदम : ज्योत्सना महंत

दिशा समिति की बैठक में सांसद ने की योजनाओं की समीक्षा

कोरबा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने कहा कि जिले के अधिकारी जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर उन्हें विश्वास में लेते हुए जिले की विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने जिला प्रशासन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए क्षेत्र में राखड़ की समस्या को दूर करने की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए।


सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने, निर्माणाधीन सडक़ों को समय पर पूर्ण करने तथा भू-विस्थापितों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने और जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यों को निर्धारित अवधि में पूर्ण करते हुए लोगों को पेयजल मुहैया कराने के निर्देश दिए।

सांसद ने जिले में मनरेगा के कार्यों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना, जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी तथा स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सक तथा मरीजों के उपचार के लिए एंबुलेंस की तैनाती सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मनरेगा अन्तर्गत मजदूरों को भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत जरूरतमंद हितग्राहियों का समय पर आवास निर्माण, भवन विहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिये भवन और पहुंचविहीन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं बिजली, सडक़, पेयजल की प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सांसद मद अन्तर्गत पूर्व में स्वीकृत कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया और महापौर राजकिशोर प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी।

इस दौरान कलेक्टर अजीत वसंत ने दिए गए निर्देशों का पालन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कटघोरा रतन मित्तल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारीगण और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।