इस क्षेत्र की पहचान बढ़ने के साथ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
कोरबा।अपने गांव और घर तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क के लिए तरस रहे ग्रामीणों को जल्दी ही पक्की सड़क नसीब होगी। सड़क के अभाव में उबड़-खाबड़ रास्तों से आवागमन कर जोखिम मोल ले रहे ग्रामीणों का नाता सड़क बनने के बाद तरक्की और विकास से जुड़ जाएगा। कोरबा विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ ग्राम अमलडीहा और मालीकछार के ग्रामीणों को जल्दी ही आवागमन के लिए सड़क मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के दिशा निर्देशन में कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने अमलडीहा से मालीकछार व्हाया- ग्राम बलसेंधा हेतु 03 करोड़ रूपए से अधिक की राशि जिला खनिज संस्थान न्यास से स्वीकृत की है। इस मार्ग में आवागमन आसान होने से ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को एक गांव से दूसरे गांव तक जाने में आसानी होगी। वहीं इस क्षेत्र का पहचान बढ़ने के साथ ही यहां के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा।
कोरबा विकासखंड अंतर्गत बलसेंधा, मालीकछार दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्र है। विगत कई दशकों से इस क्षेत्र के ग्रामीण पहुंचमार्ग की मांग करते आ रहे हैं। कलेक्टर के संज्ञान में आने के पश्चात इस मार्ग को बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। उन्होंने न सिर्फ इस दुर्गम क्षेत्र का दौरा कर वस्तुस्थिति को जाना अपितु समस्या को दूर करने की पहल भी की।
कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने हेतु डीएमएफ से 03 करोड़ 38 लाख 31 हजार के कुल 09 कार्य स्वीकृत किए हैं। जिसमें ग्राम अमलडीहा से मालीकछार (व्हाया- ग्राम बलसेंधा) में मिट्टी कटिंग फिलिंग कार्य, रिटेनिंग वाल निर्माण कार्य, पाईप पुलिया निर्माण कार्य, आरसीसी स्लेब पुलिया निर्माण कार्य आदि शामिल है। ग्रामीणों का कहना है कि कच्ची सड़क से वे एक दूसरे गांव से जुड़ते हैं, पक्की सड़क बनने के बाद उनका नाता विकास से जुड़ेगा और गांव की पहचान भी बढ़ेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
