स्वास्थ्य कर्मियों के लिए बनेंगे आवास, बेहतर होगी स्वास्थ्य सुविधाएं
कोरबा। जिले में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों को जल्दी ही उनके कार्यस्थल के आसपास आवास उपलब्ध हो पायेगा। सुदूरवर्ती क्षेत्रों के अस्पतालों में वे समय पर उपस्थित हो पायेंगे और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार कर पायेंगे। जिला प्रशासन द्वारा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया है। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवास बनाने की स्वीकृति प्रदान की है। पहले चरण में कुल 18 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवास निर्माण किया जाएगा। इसके लिए लगभग नौ करोड़ की राशि का स्टीमेट तैयार किया गया है। आवास बनने के पश्चात दूरस्थ क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डयूटी कर रहे चिकित्सकीय कर्मियों को आवास की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
जिले में संचालित पीएचसी में आवास की व्यवस्था होने से चिकित्सकीय कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केद्र लाफा, सपलवा, कोरबी, सिरमिना, लालपुर और माचाडोली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैसमा कुदमुरा, तिलकेजा, कोरकोमा, करतला ब्लॉक के चिकनीपाली, सरगबुंदिया, कटघोरा ब्लॉक के चाकाबुड़ा, पाली विकासखण्ड के चैतमा, पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के तुमान, कटोरीनगोई, पिपरिया, महोरा में आवास का निर्माण जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ एस एन केशरी ने बताया कि चिकित्सक सहित अन्य स्टॉफ के ठहरने के लिए आवास की व्यवस्था की जा रही है। पीडब्ल्यूडी तथा ग्रामीण स्वास्थ्य यांत्रकी विभाग द्वारा आवस कर निर्माण कराया जाएगा। जिले के जिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है, उसमें से अधिकांश दूरस्थ क्षेत्र के पीएचसी है।
स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक ही आवास उपलब्ध होने पर चिकित्सकों को वहां निवास करने में कोई समस्या नहीं आयेगी, वहीं चिकित्सकों के निवास करने से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं और भी बेहतर बनेगी। मरीजों को यहां चिकित्सक का इंतजार नहीं करना पडे़गा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
