अच्छी सेहत और जीवन में उत्साह बरकरार रखने हमें खेलते-कूदते रहना चाहिए : मधु पांडेय 

कोरबा-बांकीमोंगरा। विनायक पब्लिक स्कूल बांकीमोंगरा में शुक्रवार को आयोजित स्पोर्टथॉन सत्र 2024-25 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीमती मधु पांडेय ने कहा कि अच्छी सेहत के साथ-साथ जीवन में उत्साह और खुशी बरकरार रखने के लिए हमें खेलते-कूदते रहना चाहिए।


5 से 7 दिसंबर तक आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह में कुल 47 इवेंट पर नर्सरी से लेकर बड़ी कक्षाओं तक 16 क्लास के बच्चों के बीच खेल स्पर्धाएं हुई। ओवरॉल सर्वाधिक मेडल और विजेताओं के साथ ईगल हाउस ने चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपस्थिति दर्ज करते हुए बाल कल्याण समिति (सीडबल्यूसी) की पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता, समाजसेवी एवं खिलाड़ी श्रीमती मधु पांडेय ने विजेता-उपविजेता बच्चों को पुरस्कृत किया।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला खेल अधिकारी केआर टंडन, ढेलवाडीह के खेल शिक्षक संदीप गौरहा, विनायक पब्लिक स्कूल बांकी-मोंगरा के डायरेक्टर्स मुकेश अग्रवाल, कौशल सोनी, प्रकाश अग्रवाल, समीर बंसल एवं भोले अग्रवाल मौजूद रहे।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रंजीता गुप्ता एवं सेंटर को-ऑर्डिनेटर सुश्री ज्योति चोपड़ा के दिशा निर्देश व मार्गदर्शन में यह वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं की श्रृंखला संपन्न हुई।