राजस्व वसूली कार्य में आवश्यक तेजी लाएं : आयुक्त
कोरबा। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शनिवार को निगम के राजस्व अधिकारियों व निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा है कि निगम की राजस्व वसूली में वृद्धि आवश्यक है ताकि हम निर्धारित वसूली लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें। राजस्व वसूली कार्यो में तेजी लाएं, करदाताओं को डिमांड नोट भेंजे, उनसे संपर्क कर बकायाकरों की राशि जमा कराएं।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नगर पालिक निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, सम्पत्तिकर अधिकारी अनिरूद्ध सिंह एवं निगम के राजस्व निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों, सहायक राजस्व निरीक्षकों की उपस्थिति में राजस्व वसूली कार्या की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सम्पत्तिकर, समेकित कर, जलकर, शिक्षा उपकर, भवन, दुकान किराया सहित अन्य विभिन्न मदों के अंतर्गत प्राप्त होने वाले राजस्व के वसूली की कार्य प्रगति की जानकारी ली तथा वर्तमान तक की गई कर वसूली एवं बकाया कर राशि की जोनवार, वार्डवार विस्तार से समीक्षा की। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि निगम के विकास व निर्माण कार्यो तथा नागरिक सेवाओं व सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि करदाताओं से निगम को प्राप्त होने वाले राजस्व की प्राप्ति नियमित रूप से हो तथा करों का भुगतान निगम कोष में समय पर किया जाए।
आयुक्त ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व वसूली कार्यो को एक अभियान के रूप में संचालित करते हुए वार्डो में राजस्व वसूली शिविरों का आयोजन करें, इस हेतु तिथि व वार्डवार कार्ययोजना तैयार कराएं तथा निर्धारित तिथियों में वार्डो में शिविर लगाकर करों की बकाया राशि करदाताओं से जमा कराएं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677