सुनालिया अंडरब्रिज निर्माण का रास्ता साफ, वैकल्पिक व्यवस्था पर मंथन

कलेक्टर, एसपी व आयुक्त ने किया स्थल मुआयना

कोरबा। शहर के प्रमुख स्थान सुनालिया नहर रेल्वे क्रासिंग मार्ग पर बनने वाले अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान सुनालिया पुल, पावर हाउस रोड में बनने वाले यातायात के दबाव व जाम की स्थिति के मद्देनजर यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने कलेक्टर अजीत वसंत ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय व अन्य अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया।


कलेक्टर ने अंडरब्रिज निर्माण कार्य को सुगमता से लागू करने के लिए उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही नहर मार्ग के दोनों बैंकों का भी अवलोकन किया और निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक की परेशानी से निपटने एवं वाहनों के व्यवस्थित परिवहन हेतु तैयार किए जाने वाले वैकल्पिक मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने वैकल्पिक मार्ग से गाडिय़ों के आवगमन हेतु उचित मर्जिंग पॉइंट का चयन करने एवं यथोचित स्थानों पर स्टॉपर लगाने के निर्देश दिए।

साथ ही अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग को प्रभावी रूप से तैयार करने के निर्देश दिए जिससे अंडरब्रिज निर्माण  के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने सुनालिया पुल से अग्रसेन तिराहा एवं डीडीएम रोड, लायंस उद्यान मार्ग आदि का अवलोकन कर आवागमन के वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के संबंध में अधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर एडीशनल एसपी श्रीमती नेहा वर्मा, यूबीएस चौहान, संयुक्त कलेक्टर मनोज बंजारे, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


शीघ्र प्रारंभ होगा अंडरब्रिज का निर्माण
कोरबा पुराने शहर, पावर हाउस रोड, सुनालिया पुल आदि पर बढ़ते यातायात के दबाव व दीर्घकालीन आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सुनालिया पुल के समीप अंडरब्रिज का निर्माण कराया जाना है। अंडरब्रिज का निर्माण कार्य अब शीघ्र प्रारंभ होगा, निर्माण कार्य के दौरान सुनालिया पुल, पावर हाउस रोड व पुराने कोरबा शहर की यातायात व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, जाम की स्थितियॉं निर्मित न हों, आवागमन व्यवस्था सुगम बनी रहे, इसके मद्देनजर वैकल्पिक मार्ग को प्रभावी रूप से तैयार करने की आवश्यकता होगी।