वनभूमि से अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण हटाने ज्ञापन

कोरबा-कटघोरा। वनभूमि से अवैध अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण कार्य हटाने के संबंध में गुड़रूमुड़ा निवासी ग्रामवासियों ने वनमंडलाधिकारी वनमंडल कटघोरा को ज्ञापन सौंपा है।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत गड़रूमुड़ा जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में छत्रपाल सिंह पिता मोहन सिंह के द्वारा वनभूमि कक्ष क्रमांक-ओ ए-745 में अवैध रूप से अतिक्रमण एवं निर्माण कराया जा रहा है। इसकी शिकायत पूर्व में वनमंडलाधिकारी कटघोरा को 14 जुलाई 2020 को किया जा चुका है किंतु आज दिनांक तक किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

यदि 7 दिवस के भीतर कार्यवाही नहीं किया गया तो आगामी 7 दिवस के पश्चात समस्त ग्रामीणों द्वारा वनमंडल कार्यालय का घेराव किया जाएगा एवं प्रदर्शन किया जायेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

वनमंडलाधिकारी से गुड़रूमुड़ा के ग्रामवासियों नवरतन, चन्दन सिंह, मुरित राम, दिलेश्वर सिंह, भारत सिंह, बृजपाल, परदेशी, रामप्रताप, रघुवीर सिंह ने आग्रह किया गया है कि छत्रपाल के ऊपर अवैध अतिक्रमण करने के लिए तत्काल कार्यवाही की जाए एवं अतिक्रमण हटाया जाए।