मानव-हाथी द्वन्द रोकने गठित जिला स्तरीय समिति की ली बैठक

हाथी प्रभावित क्षेत्रों में धान खरीदी के साथ ही शीघ्रता से हो उठाव : कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जंगली हाथियों की सुरक्षा हेतु गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में हाथी-मानव द्वंद को कम करने तथा जंगली हाथियों से होने वाली जनहानि को नियंत्रित करने हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने कोरबा व कटघोरा वनमंडल में हाथियों की सुरक्षा, उन्हें रिहायशी इलाकों से दूर रखने, हाथी मानव द्वंद से होने वाली जनहानि को रोकने हेतु विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यो की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने कोरबा एवं पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में स्थित उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के साथ ही शीघ्रता से उनका उठाव कराने के निर्देश दिए।

हाथी प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को धान के अतिरिक्त अन्य तिलहन, सरसों, हल्दी, मिर्च, अदरक जैसी लाभकारी फसल सहित बॉयो फेसिंग के रूप में उपयोगी नींबू, कांटा बांस, कैक्टस विभिन्न प्रजाति की फसल लेने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही।

वनमण्डलाधिकारी कटघोरा द्वारा विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही के संबंध में बताया कि क्षेत्र में जंगली हाथियों के आगमन की सूचना ग्रामीणों को विभाग द्वारा प्राथमिकता से दी जाती है एवं ग्रामीणों को अनावश्यक जंगलों में नहीं जाने हेतु जागरूक भी किया जा रहा है।

इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, सयुंक्त कलेक्टर मनोज बंजारे सभी एसडीएम सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।