अवैध धान खरीदी और परिवहन पर सतत् कार्यवाही के दिए निर्देश
कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो एवं शासकीय योजनाओं के कार्य प्रगति समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने एवं समय सीमा के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन में ऑटो प्रीपेड बूथ स्थापित करने और दूरी के हिसाब से किराया तय करते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों में किराया सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किराया सूची का वार्षिक समीक्षा करने तथा शहर में संचालित ऑटो रिक्शा को व्यवस्थित संचालन के संबंध में नगर निगम आयुक्त और जिला परिवहन अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने 14 नवम्बर से प्रारंभ हुई धान खरीदी की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे संग्रहण केंद्रों का रैण्डमली सत्यापन करते रहें। उन्होंने अवैध रूप से धान खरीदी एवं परिवहन पर रोक लगाने तथा निरंतर कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास निर्माण स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माणरत आवासों को जनपद सीईओ के सुपरविजन में तेजी से पूरा कराने के लिए कहा। साथ ही एसडीएम को निर्माण कार्य नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने विभागवार टीएल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए माह अक्टूबर तक लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह के भीतर निराकृत करने एवं कलेक्टर जनदर्शन के प्रकरणों पर परीक्षण कर निराकृत करने हेतु सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया।
बैठक में वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, कोरबा अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी सहित अन्य सभी अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
