कलेक्टर ने किया पाली व पोड़ी में स्वास्थ्य केंद्र का अवलोकन

मरीजों को अस्पताल में ही उपलब्ध हो दवा : कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को जिले के पाली ब्लॉक मुख्यालय में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पोड़ी में उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के रजिस्ट्रेशन और प्रतिदिन ओपीडी में हो रहे उपचार की जानकारी ली।


कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों और दवाओं की स्थिति की समीक्षा की, साथ ही अस्पताल की स्वच्छता और मरीजों की देखभाल के मानकों पर भी ध्यान दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे मरीजों के उपचार में पूरी तन्मयता से काम करें और सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने इलाज के साथ मरीजों को दी जाने वाली भोजन की गुणवत्ता में भी ध्यान देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को दवा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, उन्हें अस्पताल में अथवा जेनेरिक मेडिकल स्टोर में कम दाम पर दवा उपलब्ध हो यह सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मरीजों के लिए संचालित सोनोग्राफी सहित अन्य यंत्रों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करते हुए मरीजो को समय पर इन सुविधाओं का लाभ देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मरीजो के लिए सेपरेट बेड सिस्टम के संबंध में भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने पोड़ी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ से यहाँ की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पोड़ी उपस्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन के संबंध में शिकायत मिलने पर कहा कि इस भवन को नया बनाया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम पाली सुश्री सीमा पात्रे, बीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।