कर्मियों को पदमुक्त करना दुर्भावना से प्रेरित : बघेल

कोरबा। जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत अंशकालीन सफाई कर्मियों की बैठक शनिवार को सियान सदन घंटाघर में हुई। बैठक में अंशकालीन सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष पंचम दास व संरक्षक ओमप्रकाश बघेल उपस्थित रहे।


उपस्थित सफाई कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें बिना कारण स्कूलों के प्रधान पाठक, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष से मिलकर हटाकर किसी अन्य को रखा जा रहा है। 2011-12 से विषम परिस्थिति में अल्प मानदेय में अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। केवल दो घंटे का काम लिया जाना है किन्तु हमारे अनेक साथी स्कूलों मे 5-5 घंटे काम करते हैं। कुछ विकास खंड शिक्षा अधिकारी हमारा आवेदन तक स्वीकार नहीं करते हैं। 

सफाई कर्मियों की परेशानी सुनने के बाद संरक्षक ओमप्रकाश बघेल ने सफाई कर्मियों को हटाने की निंदा की है। संघ के अध्यक्ष पंचम दास ने स्पष्ट कहा है कि समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। डीईओ कोरबा द्वारा अंशकालीन सफाई कर्मियों के समस्या पर गंभीर हैं।

उनके द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूलों के प्रधान पाठकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही समस्या का समाधान करने संघ को आश्वस्त किया गया है।

बैठक में संघ के संरक्षक ओमप्रकाश बघेल, जिलाध्यक्ष पंचम दास, कन्हैया राठिया, कन्हैया पटेल, लखन दीवान, अश्वनी यादव, कवित्री राठिया, दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा, बंधन धीरहे, संतोष  राज, गणेश राम, दीपक यादव, मनु राठिया, रहीम दास, जगराम मिरि, अनिता कंवर एवं सैकड़ों सफाई कर्मी उपस्थित रहे।