समय सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की हुई समीक्षा

विद्युत विहीन बसाहटों में बिजली पहुंचाने होगी व्यवस्था : कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक विभागीय कार्यो एवं शासकीय योजनाओं के कार्य प्रगति समीक्षा की गई। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन के अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य में प्रगति लाने एवं समय सीमा के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


बैठक में कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए शासन से जारी नए निर्देशानुसार विभागों में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों में भर्ती प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए गाइडलाइन अनुसार विभाग में तृतीय श्रेणी कर्मचारी के पद रिक्त नहीं होने के स्थिति में चतुर्थ श्रेणी के पदों में नियुक्ति दी जाएगी। उन्होंने शहर में प्रीपेड बूथ स्थापित करने के लिए यथाशीघ्र रेल्वे से अनापत्ति प्रमाण पत्र, मानक किराया दर निर्धारित करने एवं ऑटो रिक्शा संघ के पदाधिकारियों की सहमति लेने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्युत विहीन बसाहटों, मजरा टोलों में विद्युत पहुंचाने के लिए शीघ्रता से सर्वे पूर्ण कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि 10 से अधिक परिवार वाले विद्युत विहीन बसाहटों में बिजली की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या वाले क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु अपडेशन की कार्यवाही भी पूर्ण करने की बात कही।

कलेक्टर ने सुनालिया नहर रेलवे क्रॉसिंग में अंडरपास निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए प्रभावितों को जल्द से जल्द मुआवजा वितरण कर स्थान रिक्त कराने के निर्देश एसडीएम कोरबा को दिए।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ व अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग, निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, सभी एसडीएम, तहसीलदार व सीएमओ नगरीय निकाय  सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।