कौशल विकास और निरंतर सीखने का जज्बा ही दिलाएगा सफलता : डॉ. प्रशांत

सीएटीसी प्रशिक्षण आयोजित किया एनसीसी ने

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय में एनसीसी शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कोरबा और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कैडेट्स को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में हर कदम पर कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है। विद्यार्थियों को अपने भीतर नए कौशल विकसित करते हुए सफलता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। यही उनका वास्तविक छात्रधर्म है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी की सफलता में उसके परिवार, महाविद्यालय और शिक्षकों की सफलता भी निहित होती है।


1छत्तीसगढ़ बटालियन कोरबा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सैंथिल कुमार एसके के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना की गई। होनहार छात्र एवं सीनियर अंडर ऑफिसर राहुल विश्वकर्मा को अखिल भारतीय थल सैनिक शिविर, दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इसी क्रम में कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (सीएटीसी) में शामिल होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सार्जेंट अवनी देवनागन, कैडेट विकास कुमार आर्मो सहित अन्य कैडेट्स को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट अनीता यादव और बटालियन से आए हवलदार पप्पू चेतिया उपस्थित रहे।

उन्होंने कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। हवलदार पप्पू चेतिया ने उम्मीद जताई कि सम्मानित कैडेट्स से प्रेरणा लेकर अन्य विद्यार्थी भी आगामी एनसीसी शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और कोरबा का नाम रोशन करेंगे।