सामुदायिक भवन के भूमिपूजन के दौरान विवाद,पूर्व कर्मचारी से अभद्रता का आरोप

उपसरपंच पर गाली-गलौज, धमकी और धक्का-मुक्की करने की शिकायत; उरगा पुलिस ने दर्ज किया अपराध

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कराईनारा में पटेल समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। गांव के 84 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी शिवराम पटेल ने उपसरपंच दीपक पटेल पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर उरगा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम कराईनारा निवासी शिवराम पटेल पिता लक्ष्मीनारायण पटेल ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे गांव में पटेल समाज के नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान गांव के उपसरपंच दीपक पटेल मौके पर पहुंचे और प्रस्तावित स्थल पर भवन निर्माण नहीं करने की बात कहते हुए कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने समाज के विकास के लिए सामुदायिक भवन बनाए जाने की बात कहते हुए विरोध का कारण जानना चाहा। आरोप है कि इस पर उपसरपंच ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की की, जिससे वे नीचे गिर गए। हालांकि शिकायत में उन्हें चोट नहीं आने की बात कही गई है।

शिवराम पटेल ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान ग्राम सरपंच पवन सिंह कंवर, शिवचरण साहू सहित अन्य ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना को देखा और सुना।

शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने उपसरपंच दीपक पटेल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।