कलेक्टर एवं एसपी ने ली कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक

लोक शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर रखें कड़ी निगरानी : कलेक्टर

कोरबा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने कलेक्टर अजीत वसंत व पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली।

उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सजगता व सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। लोक शांति भंग करने वाली सभी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने हेतु निर्देशित किया।


कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को सामाजिक व क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण के लिए सकारात्मक कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनता के पक्ष में खरा दिखाने हेतु शासन के मंशानुसार अपने कानूनी अधिकारों का उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि एसडीएम के पूर्व अनुमति के बिना जिले में किसी प्रकार की धार्मिक व जातिगत सभा सम्मेलन आयोजित नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने माइंस क्षेत्रों में अनावश्यक मुद्दों व व्यक्तिगत लाभ को लेकर खदान बंद कराने वालों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने कहा कि सभी अधिकारी आगामी स्थानीय निर्वाचन को ध्यान में रखकर समस्याओं को निराकृत करें। उन्होंने कहा कि आम जनता का प्रशासन के प्रति भरोसा बनाए रखने हेतु अधिकारी संवेदनशीलता से कार्य करें।

इस अवसर पर निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, एडिशनल एसपी यूबीएस चौहान, श्रीमती नेहा वर्मा संयुक्त कलेक्टर मनोज बंजारे सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।