जनजातिय गौरव दिवस पर शहीदों के परिवारों, प्रतिभावान विद्यार्थियों व खिलाडिय़ों किया सम्मानित

आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम कर रही है सरकार : देवांगन

कोरबा। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में किया गया।

कार्यक्रम में बिहार के जमुई से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से लाइव देखा व सुना गया। प्रधानमंत्री ने लगभग 6600 करोड़ रूपए के विकास परियोजनाओं का सौगात देते हुए भगवान बिरसामुण्डा की 150वीं जन्म जयंती वर्ष शुभारंभ की स्मृति में 150 रूपए का सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया।


इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने आदिवासी समाज प्रमुखों एवं आदिवासी समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों, समाज सेवी संगठनों, आदिवासी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी संगठनों एवं आदिवासी समाज के शहीदों के परिजनों का शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज आदिवासियों के सम्मान में पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। भगवान श्री विरसा मुंडा ने देश की स्वतंत्रता के लिये जो योगदान दिया है उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आदिवासी शक्तिपीठ परिसर में विकास हेतु 50 लाख की दी गई राशि के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि इससे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं की पूर्ति होगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर ने कहा कि हम सभी को एक जुट होकर आदिवासी संस्कृति को संरक्षित रखना है।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि भगवान श्री बिरसा मुंडा ने प्रकृति, संस्कृति की रक्षा करते हुए अन्याय एवं अत्याचार के विरूद्ध ब्रिटिशों के खिलाफ आवाज उठाई।

छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, गुंडा धुर सहित अन्य स्वतंत्रता सग्राम सैनानियों ने आजादी के लिए अपना योगदान दिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए स्टाल का मंत्री श्री देवांगन ने अवलोकन किया।


आदिवासी समाज के प्रमुखों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज, धनवार समाज, मुण्डा समाज, मंझवार, ,खैरवार, गोंड़, अगरिया, भारिया, बिंझवार, उरांव समाज प्रमुखों का शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। इसी तरह आदिवासी समाज के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, जनजाति समाज हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सेवी संगठनों, मेधावी छात्र-छात्राओं, खिलाडिय़ों, प्रतियोगी परीक्षा में विभिन्न पदों पर चयनित उम्मीदवारों, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों, सरहुल नृत्य में राज्य स्तर पर सम्मानित उरांव समाज के प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

मेधावी छात्र के रूप में दिलेश कुमार, कुमारी जस्मिन्ता राठिया, कु. शुभलता, मोसेस वैभव एक्का, गुंजिता राठिया, सुनील कुमार, कु. चुनिषा, अनुराग सिंह राज, गामनी कंवर, कृतिका कंवर को सम्मानित किया गया।