जिपं सीईओ ने दिए मनरेगा के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश

कोरबा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग ने सोमवार को जिला पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा के कार्यों में प्रगति लाते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।

श्री नाग ने मनरेगा के सभी मॉड्यूल की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी मॉड्यूल में राज्य के द्वारा निर्धारित औसत से ऊपर ही रहें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के मजदूरी एवं सामग्री में 60:40 अनुपात अनिवार्य रखा जाए, समयबद्ध मजदूरी भुगतान को प्राथमिकता दें।

सीईओ ने जिला सामाजिक अंकेक्षण प्रदाता को निर्देशित किया कि मनरेगा के कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण नियमानुसार कराएं तथा सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया लंबित न रहे।

बैठक में कार्यपालन अभियंता आरईएस एस. के. जोगी, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।