कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्या, निराकरण के दिए निर्देश

पेंशन ग्रेच्युटी सहित अन्य राशियों का समय पर हो भुगतान : कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के दूर दराज इलाकों से अपनी परेशानियों एवं शिकायतों के निराकरण के लिए आए लोगों के आवेदनों को गंम्भीरता से सुना। उन्होंने सभी अधिकारियों को आवेदनों का जांच कर नियमानुसार निराकरण करने एवं आमजनों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।


कलेक्टर जनदर्शन में निहारिका की रहने वाली भुनेश्वरी चन्द्रा ने पुष्पाजंलि कॉम्प्लेक्स में आबंटित ठेला क्रमांक 11 के मालिक द्वारा स्थल में ठेला संचालन की अनुमति लेकर कांशीनगर के आम रास्ता व गली में अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कराने की शिकायत की। कलेक्टर ने निगम आयुक्त को तत्काल मौके पर अतिक्रमण विरोधी दस्ते को भेजकर आवेदन की पूर्ण जांच करने एवं सही शिकायत मिलने पर सम्बंधित के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

ग्राम बिंझरा निवासी नागेश्वर सिंह मरावी ने सेवानिवृत्ति उपरांत दी जाने वाली शेष राशि दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार नगर निगम कार्यालय से सेवानिवृत्त हुए समयपाल राजकुमार सिंह ने बताया कि वह जून 2024 में सेवानिवृत्त हुए है एवं कार्यालय में आवश्यक सभी दस्तावेज जमा करने के बाद भी आज दिनांक तक उन्हें उपादान, परिवार कल्याण निधि, अवकाश नकदीकरण व एनपीएस की राशि प्रदान नहीं की गई है।

तरदा के इंदलभांठा की रहने वाली कामिनी कंवर ने एक वर्षीय पुत्री आकांशा के आंखों के ईलाज हेतु आवेदन देते हुए कहा कि उनकी बच्ची को जन्म से ही दिखाई नहीं देता, डॉक्टर द्वारा एम्स रायपुर में बच्ची के इलाज होने की बात कही गई है।

जनदर्शन में वनाधिकार पट्टा, अतिक्रमण हटाने, सीमांकन, बंटवारा, रिकार्ड दुरुस्ती, मुआवजा राशि दिलाने, मजदूरी भुगतान, कानूनी सहायता दिलाने, पहुँच मार्ग की व्यवस्था कराने सहित अन्य समस्याओं के कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत व अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग, खाद्य, कृषि, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।