सुगम आवागमन के लिए सिटी बस के फेरों को बढ़ाएं : कलेक्टर
कोरबा। कलेक्टर जनदर्शन में सोमवार को कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के दूरस्थ क्षेत्रों एवं ग्रामीण अंचलों से अपनी समस्याओं के निराकरण आए आम नागरिकों की परेशानियों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को शासन के नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने उप संचालक समाज कल्याण विभाग को जनदर्शन में प्राप्त होने वाले विभिन्न प्रकार के सामाजिक पेंशन, दिव्यांग सहायता, सहायक उपकरण सहित अन्य आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए जांच कर आवेदकों को पात्रतानुसार राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम सोनपुरी निवासी बंधन सिंह कंवर ने अपनी माता 80 वर्षीय वृद्धा समारिन बाई के नाम पर स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास को शासन-प्रशासन की निगरानी में पूर्ण कराने तथा शासकीय सहायता प्रदान किए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने आवेदन को संज्ञान में लेकर जनपद सीईओ को आवेदन का परीक्षण कर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार संतोष कुमार द्वारा पारिश्रमिक भुगतान कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। सिटी बस के परिचालन एवं बसों के फेरों को विभिन्न रूटों में बढ़ाने हेतु ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने सिटी बस के परिचालन को बढ़ाने हेतु आयुक्त नगर निगम को निर्देशित किया।
ग्राम गेरांव के आश्रित ग्राम घोंटमार के किसानों द्वारा धान उपार्जन केंद्र का स्थान परिवर्तन करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। जनदर्शन में मानदेय भुगतान, मुआवजा राशि दिलाने, रोजगार, नाली निर्माण, पेयजल की समस्या, सडक़ मरम्मत, स्वास्थ्य उपचार, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने, वनाधिकार पट्टा, सीमांकन, भूमि संबंधी विवाद का निराकरण सहित अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने संबंधित आवेदनों को विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया और जांच कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग, जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
