24वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ी करेंगे खेल कौशल का प्रदर्शन

खेल हमें जीवन में बहुत कुछ सीखाता है : लखनलाल

कोरबा। सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में प्रदेश सरकार के वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने माता सरस्वती की छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर 24वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर राजकिशोर प्रसाद, कलेक्टर अजीत वसंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यह बड़े ही गौरव की बात है कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के मेजबानी की जिम्मेदारी कोरबा जिले को मिली है। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। खेल हमें जीवन में बहुत कुछ सीखाता है, खेल में हार जीत लगा रहता है, इसमें निराश होने की जरूरत नही है, बल्कि अपनी गलतियों एवं कमियों को सुधार कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की आवश्यकता है।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि खेल जीवन के लिए बहुमूल्य है। खेल से व्यक्ति को अपने प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिससे शारीरिक के साथ ही बौद्धिक विकास भी होता है।

मंत्री श्री देवांगन ने सभी खिलाडिय़ों को प्रतियोगिता के निर्धारित नियमों एवं विधियों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा देश एवं खेल के गौरव के लिए सच्चे खिलाड़ी भावना के साथ भाग लेने की शपथ दिलाई। सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी एवं पांचों संभाग के खिलाडिय़ों ने आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्याम सुंदर सोनी, हितानंद अग्रवाल, डॉ. राजीव सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र देवांगन, बीईओ संजय अग्रवाल सहित गणमान्य नागरिक, प्रशिक्षकगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


पांचों संभाग के 520 खिलाड़ी हुए शामिल
जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत किया साथ ही अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों सभांग बस्तर, दुर्ग, रायपुर, सरगुजा एवं बिलासपुर संभाग के 520 (260 बालक तथा 260 बालिका) प्रतिभागी शामिल हैं। 24 अक्टूबर तक चलने वाले चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के दो विधा की प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसके अंतर्गत क्रिकेट बालक/बालिका 19 वर्ष, एवं नेटबॉल बालक/ बालिका 14, 17, 19 वर्ष की प्रतियोगिता शामिल है। क्रिकेट एवं नेटबॉल प्रतियोगिता के लिए 03-03 मैदान तैयार किया गया है।