घट स्थापना के साथ देवी मंदिरों में जगमगाए मनोकामना ज्योति कलश

मंदिरों व दुर्गा पंडालों में दर्शन करने उमड़ी भक्तों की भीड़

कोरबा। क्वांर शुक्ल प्रतिपदा के साथ शारदीय नवरात्र का पर्व गुरूवार से प्रारंभ हुआ। शुभ मुहुर्त में घट स्थापना के साथ मां सर्वमंगला देवी के दरबार सहित मंदिरों में सर्वमनोकामना ज्योतिकलश प्रज्जवलित किए गए। मंदिरों में पहले दिन दर्शन करने भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और यह सिलसिला 9 दिनों तक जारी रहेगा। इसी तरह जिले भर मेंं सुसज्जित पंडालों में स्थापित प्रतिमाएं आकर्षण का केन्द्र रहेंगी।


नवरात्रि के प्रथम दिन मां के प्रथम रूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना से लोगों ने अपने दिन की शुरुआत की।

प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर सहित मड़वारानी, कोसगाई, चैतुरगढ़, अष्टभुजी, भवानी मंदिर, कंकालिन दाई दादरखुर्द, मुड़ादाई मंदिर मुड़ापार सहित अन्य देवी स्थलों में ज्योति कलश प्रज्जवलित कराए गए हैं।

शहर के प्रसिद्ध सर्वमंगला देवी मंदिर में प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में ज्योति कलश प्रज्जवलित कराए जाते हैं। इस वर्ष हजारों तैल्य एवं घृत ज्योति कलशों के साथ जवारा कलश भी प्रज्जवलित कराए गए हैं। मां के भक्त सात समुंदर पार से भी कामना करते हैं और विदेशों से भी ज्योति कलश प्रज्जवलित कराये गए हैं।


कोरबा-दर्री मार्ग में स्थित भवानी मंदिर में पीतल के कलश में प्रज्जवलित ज्योति कलश श्रद्धा व आकर्षण का केंद्र है। चंडी यज्ञ का आयोजन मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष किया जाता है। शहरी क्षेत्र के अलावा सुदूर अंचलों के देवी मंदिरों में भी नवरात्रि धूमधाम से प्रारंभ हो चुकी है। कोसगाई दाई के पहाड़ ऊपर स्थित मंदिर में ज्योति कलश प्रज्जवलित किया गया है। चैतुरगढ़ स्थित महिषासुर मर्दिनी मंदिर में भी  जवारा कलश प्रज्जवलित किया गया है।

मंदिरों के अलावा शहर के सीतामणी, पुराना बस स्टैण्ड, श्रीराम दरबार डीडीएम रोड, टैगोर उद्यान टीपी नगर, बंगाली चॉल, रविशंकर शुक्ल नगर, ओल्ड दुर्गा पंडाल एसईसीएल, एमपी नगर, आरपी नगर, आरपी नगर फेस-1, फेस-2, मुड़ापार, बुधवारी, कोसाबाड़ी, सीएसईबी कॉलोनी में देवी प्रतिमा की स्थापना के लिए पंडाल निर्माण किया गया है। आकर्षक और विद्युत आधारित साज-सज्जा से आयोजन स्थलों को सुसज्जित किया गया है।


गरबा-डांडिया की रही धूम
नवरात्रि का उत्साह बच्चों से लेकर बड़ों तक और खासकर युवाओं, युवतियों और महिलाओं में अपेक्षाकृत अधिक है। शहर के पाटीदार भवन टीपी नगर, संत श्री जलाराम मंदिर, राम दरबार मंदिर, आरपी नगर दशहरा मैदान, एमपी नगर दुर्गा पंडाल, शिवाजी नगर, रानी गेट पुरानी बस्ती सहित अन्य स्थानों में नवरात्रि के पहले दिन गरबा-डांडिया की धूम रही।