एमडीओ से निजीकरण का रास्ता खोल रही सरकार
कोरबा। कोयला श्रमिक संघ (सीटू) का दो दिवसीय त्रि-वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान नई कार्यकारिणी का भी चुनाव किया गया। सम्मेलन में सांप्रदायिकता और श्रमिक वर्ग, बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी, किसान मजदूर एकता और ठेका श्रमिकों की दशा शोषण सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष जैसे सवालों के लिए चार प्रस्ताव भी पारित किया गया।
अखिल भारतीय सचिव स्वदेश देवराय, अखिल भारतीय सचिव सुदीप दत्ता, अखिल भारतीय सचिव एवं कोल फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव डीडी रामानंदन, अखिल भारतीय सचिव एवं मध्य प्रदेश सीटू के महासचिव प्रमोद प्रधान, छत्तीसगढ़ राज्य सीटू के महासचिव एमके नंदी, मध्य रदेश सीटू के अध्यक्ष रामबिलास गोस्वामी की उपस्थिति में किया गया।
सम्मेलन की शुरुआत केंद्रीय अध्यक्ष देवेंद्र निराला ने ध्वजारोहण और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किया। सम्मेलन में सभी क्षेत्रों से 230 साथियों ने प्रतिनिधि के रूप में हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्घाटन स्वदेश देवराय ने किया उसके बाद महासचिव वीएम मनोहर के सांगठनिक रिपोर्ट पर प्रतिनिधियों ने चर्चा के दौरान पिछले तीन साल के कार्यकाल की समीक्षा की।
सम्मेलन में सुदीप दत्ता ने कोयला उद्योग में एमडीओ माडल, रेवन्यू शेयरिंग माडल के जरिए उद्योग में निजी मालिक का रास्ता केंद्र सरकार द्वारा खोलने की बात कही। उन्होंने इससे श्रमिकों के प्रति होने वाले खतरों की विस्तृत जानकारी दी और श्रमिकों को एकजुट होकर लडऩे के रास्ते भी बताया। प्रमोद प्रधान ने संगठन में एकजुटता के साथ काम करने वाले मंत्र दिए और श्रम कानूनों में परिवर्तन से होने वाले आगामी खतरे और उसके खिलाफ संघर्ष की जरूरत पर प्रकाश डाला और बताया कि अगर हम एकजुटता से संघर्ष को अनवरत जारी रखें तो जीत सुनिश्चित करना आसान हो जाता है। इस मौके पर डीडी रामानंदन समेत अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए।
मनोहर बने पुन: महासचिव
आगामी कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया। देवेंद्र निराला अध्यक्ष, अमृत लाल विश्वकर्मा कार्यकारी अध्यक्ष, वीएम मनोहर महासचिव, रामकुमार कनौजिया, इंद्रपति सिंह व अजय शर्मा सहायक महासचिव और इंद्रदेव चौहान कोषाध्यक्ष बनाए गए। विभिन्न क्षेत्रों से पंद्रह उपाध्यक्ष और पंद्रह सचिव चुने गए। 73 कार्यकारिणी सदस्य के साथ केंद्रीय पदाधिकारियों को दायित्व दिया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
