नदी के तेज बहाव में फंसे मछुआरे को प्रधान आरक्षक ने बचाया

कोरबा-बांगो। बांगो थाना अंतर्गत तान नदी में एक मछुआरा नदी के तेज बहाव में फंस गया। व्यक्ति का नाम गोकुल पोर्ते है जो कि पोड़ी का निवासी है।
दरअसल गोकुल व उसका साथी तान नदी मछली पकडऩे गए हुए थे, उस वक्त नदी में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं थी, लेकिन सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश से अचानक तान नदी का जलस्तर बढ़ा और बाढ़ आ गई। इस बीच दोनों युवक बीच नदी के बाढ़ में फंस गए।

एक व्यक्ति किसी तरह नदी से बाहर निकल गया लेकिन दूसरा व्यक्ति नदी में फंसा रहा। घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को मिली तो रस्सी फेंक कर नदी में फंसे युवक को निकालने कोशिश की गई लेकिन नाकाम रहे।

सूचना पर बांगो पुलिस स्टाफ भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। काफी कोशिशों के बाद भी युवक को बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश डिक्सेना ने मछुवारे को बचाने नदी में छलांग लगा दी।

ओमप्रकाश द्वारा फंसे हुए मछुआरे की जान बचाने के प्रयास के बाद युवक में भी हिम्मत आई और वह भी छलांग लगा दिया। बहते हुए व्यक्ति को प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश व कुछ युवकों ने पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली गई।

वहीं ग्रामीणों ने प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश डिक्सेना की इस कोशिश की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

इस दौरान थाना प्रभारी उषा सोंधिया, प्रधान आरक्षक अशोक खरे, ओमप्रकाश डिक्सेना, अनिल पोर्ते, मानस मनी पैकरा तथा अन्य पुलिस स्टाफ रहे।