सर्वमंगला चौक में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की चपेट में आई स्कूटी सवार युवती की मौत

कोरबा। सर्वमंगला चौक में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान कोरबा के बुधवारी निवासी मधुलता रात्रे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बलौदा पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत थीं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मधुलता रात्रे स्कूटी क्रमांक CG 12 BR 0460 से सर्वमंगला चौक की ओर से गुजर रही थीं। इसी दौरान कुसमुंडा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG 12 AY 5608 ने मोड़ के पास उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकीय उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

चालक को पुलिस ने पकड़ा, ट्रेलर जब्त
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर चालक को पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में शोक का माहौल है।

भारी वाहनों की आवाजाही से चौक पर बढ़ा खतरा
सर्वमंगला चौक कोरबा-कुसमुंडा मार्ग का महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से कुसमुंडा खदान, उरगा, पंतोरा सहित आसपास के विस्थापित गांवों और मां सर्वमंगला मंदिर की ओर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। इसके अलावा कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक पर पुलिस और यातायात कर्मियों की मौजूदगी में भारी वाहनों की गति नियंत्रित रहती है, लेकिन इनके हटते ही तेज रफ्तार वाहनों का खतरा बढ़ जाता है।

सोमवार के हादसे के बाद लोगों ने सर्वमंगला चौक पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने, भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।