कमला नेहरु महाविद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित, प्राध्यापक हुए सम्मानित

कोरबा । कमला नेहरु महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि आप और हम मिलाकर कार्य करें, आने वाला परिणाम सदैव सुखद ही होगा।

उन्होंने विद्यार्थियों के विकास के लिए सतत योगदान प्रदान करने का आह्वान किया और कहा कि मिलकर किए गए इन्हीं प्रयासों के परिणाम स्वरूप विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का जो सुखद फल मिलता है, वही एक शिक्षक की भूमिका में हमारा पुरस्कार और सम्मान है।


इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक आकाश शर्मा ने कहा कि आज मैं जो कुछ भी हूं, अपने शिक्षकों के सिखाए बहुमूल्य सबक के बूते हूं और इस मंच पर कुछ प्रकट करने की शक्ति के पीछे भी मेरे शिक्षकों के शब्दों समाज में शिक्षकों का दायित्व और उनसे मिला शिक्षा का योगदान अमूल्य होता है, जो हमारे अच्छे कल की परिकल्पना तभी कर लेते हैं, जब वे हमें पहली बार देखते हैं। वे समाज के पथ प्रदर्शक की भूमिका निभाते हैं, जो क्षेत्र और राष्ट्र के विकास का मार्ग सुनिश्चित करते हैं। शिक्षक दिवस के अवसर मुझे शिक्षकों के सम्मान का यह अनुपम अवसर मिला, इसके लिए मैं कमला नेहरु महाविद्यालय परिवार का आभार प्रकट करता हूं। 


बीएड विभाग के छात्र-छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति


शिक्षक दिवस के इस अवसर को यादगार बनाते हुए कमला नेहरु महाविद्यालय के बीएड विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा मिलकर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में विभागाध्यक्ष डॉ अब्दुल सत्तार मौजूद रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस के उद्देश्य से अवगत कराते हुए छात्र-छात्राओं को आशीर्वचन प्रदान किया।

छात्र-छात्राओं ने भी अपने प्रिय गुरुजनों को उपहार भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।