ठेका कंपनी को समय पर एचपीसी दर से वेतन देने के निर्देश
कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना में ठेका कंपनी के अधीन कार्यरत कामगारों को सही समय पर वेतन नहीं मिलने, वेतन भुगतान में एचपीसी दर का पालन नहीं करने और रोजगार के मुद्दे पर त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। मांगों को लेकर खदान बंदी व प्रदर्शन की चेतावनी के बाद यह त्रिपक्षीय वार्ता कुसमुंडा जीएम कार्यालय में हुई जिसमें ठेका कंपनी को नोटिस जारी करते हुए निराकरण का आश्वासन दिया गया है।
पिछले दिनों जीएम कार्यालय का घेराव कर नीलकंठ कंपनी में स्थानीय लोगों को रोजगार देने तथा अन्य ठेका कंपनियों में वेतन भुगतान संबंधी गड़बड़ी की शिकायत प्रभावित भू-विस्थापितों के द्वारा दर्ज कराई गई थी। इसके पश्चात खदान बंदी की चेतावनी दी गई थी जिसे लेकर आज प्रबंधन की ओर से सहायक कार्मिक अधिकारी श्री मलिक के द्वारा बैठक की गई।
इसमें नीलकंठ कंपनी में रोजगार के लिए सभी वाहन चालकों की सूची जमा करने की बात कही गई। बरसात के बाद मौसम खुलते ही अन्य कंपनियों में भी रोजगार का आश्वासन प्रबंधन ने दिया। स्थानीय बेरोजगारों को पहले रोजगार देने व राज्य से बाहर के मजदूरों की भर्ती पूर्ण रूप से बन्द करने की बात प्रमुखता से रखी गई।
वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक के द्वारा बताया गया कि शिकायत के आधार पर मेसर्स एस एस एस जेव्ही कंपनी कैम्प कुसमुंडा को अधीनस्थ कर्मचारियों का पिछले दो माह से एचपीसी दर से वेतन भुगतान करने निर्देशित किया गया साथ ही कहा गया कि सभी भुगतान संबंधी दस्तावेज उनके समक्ष जमा किया जाए अन्यथा प्रबंधन द्वारा कांट्रेक्ट लेबर एक्ट-1977 के तहत सख्त कार्यवाही की जाएगी व कर्मचारियों को प्रबंधन द्वारा वेतन भुगतान कर कटौती कंपनी के बिल से कर ली जाएगी।
इस बैठक में एपीएम मलिक, नीलकंठ से अश्वनी सिंह सहित प्रभावितों की ओर से अतुल दास महंत, विनोद सारथी, नरेश महंत, किरण निराला, आरिफ खान, नौशाद खान, सिजू, राजू, रूपेश निरंजन आदि वाहन चालक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
